कोरबा

Trailer Crash : कोरबा में अनियंत्रित ट्रेलर ने घुसा घर…! गर्भवती महिला की मौत…ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कोरबा, 14 फरवरी। Trailer Crash : कोरबा में हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पार कर एक घर में घुस गया। इस हादसे में घर के आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय शशि बाई सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हादसे का विवरण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बलौदा की ओर से गलत दिशा से आ रहा था। अनियंत्रित होकर ट्रेलर सड़क पार कर भोलाराम सूर्यवंशी के घर में जा घुसा। हादसे के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। मृतक शशि बाई के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि वह कमरे में आराम कर रहे थे, तभी अचानक गाड़ी घुसने की आवाज आई। उनके बच्चे आंगन में खेल रहे थे, जिन्हें चिल्लाकर तुरंत अंदर भेजा गया, अन्यथा वे भी चपेट में आ सकते थे।

ग्रामीणों की मांग और चक्काजाम

गांव के पूर्व सरपंच विजय कुमार मरावी ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और क्षतिग्रस्त राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक चक्काजाम जारी रहेगा। मृतक शशि बाई गर्भवती थी और उसके दो बच्चे हैं। उसके पति गजपाल का काम ड्राइवर का है।

प्रशासनिक अमला मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और तहसीलदार अभिजीत राजभानु सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button