खैरथल तिजारा, 04 अप्रैल। Thresher Machine Death : राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में गेहूं की मड़ाई के दौरान एक भयावह हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। चकोलिया गांव में थ्रेसर मशीन सेट करते समय अचानक मशीन चालू हो गई, जिससे एक युवक उसमें फंसकर अंदर तक खिंच गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान शरीफ (30) पुत्र इशाक खान, निवासी मातोर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम संदीप अहीर के खेत में थ्रेसर से गेहूं निकालने का काम चल रहा था। मशीन ठीक से काम नहीं कर रही थी, इसलिए उसे सेट करने के लिए जमशेद को बुलाया गया था। वह अपने भाई शरीफ और साजिद के साथ मिलकर मशीन ठीक कर रहा था।
युवक के शरीर के हुए टुकड़े
इसी दौरान अचानक थ्रेसर मशीन (Thresher Machine Death) चालू हो गई और शरीफ उसमें फंस गया। तेज गति से घूम रहे रोटर ने उसे पूरी तरह अंदर खींच लिया। हादसा इतना भयानक था कि उसका शरीर टुकड़ों में बंट गया। सिर से लेकर घुटनों तक का हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। यह मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई, कई लोग घबराकर बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद भी शव को बाहर नहीं निकाला जा सका, जिसके बाद थ्रेसर मशीन को ही अस्पताल ले जाया गया। देर रात तक मशीन से शव के टुकड़े निकालकर एकत्र किए गए।
सदमे में परिवार
हादसे के बाद मृतक का परिवार सदमे में है। शरीफ सात भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 5, 7 और 8 साल है।
जानकारी के मुताबिक, थ्रेसर मशीन का रोटर प्रति मिनट 500 से 700 बार घूमता है। ऐसे में हाथ या कपड़ा फंसते ही व्यक्ति को अंदर तक खींच लेता है। मशीन में इमरजेंसी ब्रेक (Thresher Machine Death) की सुविधा नहीं होती, जिससे हादसे के समय तुरंत रोकना मुश्किल हो जाता है।