Three Murders : कोरबा में फार्म हाउस में तीन लाशें…! तंत्र-मंत्र की आड़ में खौफनाक मौतें…? IG पहुंचे मौके पर…हर एंगल से जांच जारी
झरन विधि में नींबू और नायलॉन रस्सी के इस्तेमाल का शक
कोरबा, 11 दिसंबर। Three Murders : कोरबा जिले के कुदरी क्षेत्र में बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन के फार्म हाउस में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशरफ मेमन, सुरेश साहू और नीतीश कुमार के रूप में की गई है। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र की है और पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है।
तंत्र-मंत्र की आशंका
शुरुआत में इस घटना को तांत्रिक क्रियाओं से जोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र बैगा अपने चार साथियों और एक बुजुर्ग आदमी के साथ बिलासपुर जिले से फार्महाउस आया था, जहां कथित तौर पर झरने के पास कोई अनुष्ठान किया जा रहा था। हालांकि, जो लोग अशरफ मेमन को अच्छी तरह जानते थे, वे यह मानने को तैयार नहीं हैं कि वह ऐसे किसी जाल में फंस सकता था।
कमरे में बुलाए गए एक-एक कर तीनों लोग
जानकारी के अनुसार, बैगा ने कमरे के अंदर एक-एक कर तीनों व्यक्तियों को 10–10 मिनट के अंतराल पर बुलाया। शाम 7 बजे तक किसी के बाहर न आने पर बैगा के साथियों ने शंका जताई। पूछने पर बैगा हर बार टालमटोल करता रहा और पीड़ितों को अस्पताल ले जाने से इनकार करता रहा, यह कहते हुए कि, मंत्र क्रिया चल रही है। अंततः रात 10 बजे तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
झरन विधि में नींबू और नायलॉन रस्सी के इस्तेमाल का शक
सूत्रों के अनुसार, कथित झरन विधि में नींबू और नायलॉन रस्सी का उपयोग किया गया। बताया गया कि मृतकों को विश्वास दिलाया गया कि गले में नींबू फंसाकर रस्सी खींचने से आर्थिक लाभ मिलेगा। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि रस्सी खींचने से सांस की नली दब गई, जिससे तीनों की मौत हुई।
पुलिस जांच में कई सवाल
पुलिस कई पहलुओं को लेकर सतर्क है, क्या यह कोई बाहरी साजिश थी? क्या किसी प्रकार का विषाक्त पदार्थ दिया गया था? झरन विधि के दौरान बैगा स्वयं सुरक्षित कैसे रहा? मृतकों के बीच कोई पुरानी रंजिश या विवाद तो नहीं? कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
IG पहुंचे निरीक्षण करने
बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला गुरुवार को कोरबा पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने एसपी सिद्धार्थ तिवारी को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, हर एंगल से जांच की जा रही है। बहुत जल्द घटना का पूरा सच सामने आएगा।
शहर में खौफ और रहस्य
अशरफ मेमन कोरबा के प्रमुख स्क्रैप कारोबारियों में से थे। एक साथ तीन मौतों ने पूरे शहर को हिला दिया है। लोग यह समझ नहीं पा रहे कि यह तंत्र-मंत्र की आड़ में हुई दुर्घटना है या सोची-समझी साजिश। परिजन और शहरवासी घटना के रहस्य से पर्दा उठने का इंतजार कर रहे हैं।



