
ग्वालियर। घर-घर जाकर झाड़ू पोंछा कर परिवार पाल रही एक गरीब महिला को मुरार के होटल संचालक सुरेंद कंसाना ने प्रताड़ित कर रखा है। महिला उसके घर काम करती थी। वह महिला पर गंदी निगाह रखता था।
महिला ने उसके घर का काम छोड़ दिया, तो बार-बार फोन करने लगा। महिला पर दबाव डाल रहा था कि अपने पति को तलाक देकर उसके साथ पत्नी बनकर रहने लगे। महिला को रुपए का भी लालच दिया।
महिला ने उससे बात करने से भी इंकार कर दिया, तो सरेराह हाथ पकड़कर छेड़छाड़ कर दी। महिला हिम्मत कर गोला का मंदिर थाने पहुंची। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
घर-घर काम करती है महिला
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धर्मवीर पेट्रोल पंप के सामने महिला अपने चार बच्चों के साथ किराये से रहती है। पति भिंड में खेती करता है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए महिला घर-घर जाकर काम करती है।
महिला पर रखता था गंदी नजर
महिला ने पुलिस से शिकायत की कि वह कुछ समय पहले सुरेंद्र कंसाना निवासी बैंक कॉलोनी के घर काम करती थी। वह उस पर गलत निगाह रखता था। इसके चलते उसने उसके घर से काम छोड़ दिया। इसके बाद भी वह उसे परेशान कर रहा था। कभी रास्ता रोक लेता था, तो कभी घर पहुंच जाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
वह कहता था कि अपने पति को तलाक देकर उसके साथ पत्नी बनकर रहे। इस प्रस्ताव से इंकार करने के बाद वह मेला से लौट रही थी, तो उसे रास्ते में रोक लिया। बीच सड़क पर हाथ पकड़ खूब हंगामा किया। इस दौरान उसने गलत हरकत भी की। गोला का मंदिर थाना प्रभारी हरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है।