
धनबाद: 2013 में आई अक्षय कुमार की हिंदी फिल्म स्पेशल-26 आप सभी के जेहन में आज भी होगी। इस फिल्म में अक्षय कुमार सीबीआई अफसर बनना चाहता था, लेकिन परीक्षा में फेल होने के बाद वो ठग बन गया। इसके बाद उसने कभी नकली सीबीआई तो कभी इनकम टैक्स अफसर बन कर करोड़ों के ब्यौरे न्यारे किए। झारखंड में भी एक युवक ऐसा ही जो पहले पुलिस अधिकारी बनकर राज्य और देश की सेवा करना चाहता था। लेकिन असफलता के बाद आज वह एक बड़ा साइबर अपराधी बन गया। जिसे झारखंड ही नहीं देश के अलग-अलग लगभग 180 स्थान की पुलिस तलाश रही है। आखिर कौन है यह युवक जिसकी कहानी इस फिल्म से काफी मिलती जुलती है।
कौन है झारखंड का घनश्याम मंडल
पहले सोचा इंजीनियर बनेंगे, बन भी गया। फिर उसने सोचा कि पुलिस अधिकारी बनेंगे, अपराधियों पर लगाम लगाएंगे, लेकिन उसकी जिंदगी ऐसी मोड पर आकर खड़ी हो गई कि वो साइबर अपराध का ‘बेताज बादशाह’ बन गया, और फिर तो वह अपना गैंग कई राज्यों में फैला लिया। उसने इस अपराध से इतनी कमाई कि की जिसका पता लगाने में भी सरकार की एजेंसियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
दारोगा की परीक्षा में फेल होने पर चुना अपराध का रास्ता
साइबर अपराध की दुनिया में कदम रखने के पहले वो बहुत सामान्य युवक था। बताया जाता है कि एक एक रुपए के मोहताज घनश्याम मंडल जब दारोगा की परीक्षा पास नहीं कर सका तो धन कमाने के लिए साइबर अपराध के रास्ते को चुन लिया। फिर क्या था, उसके एक क्लिक पर रुपए की बारिश शुरू होने लगी। फिर तो उसका मनोबल बढ़ता चला गया और वह अपराध के इस दुनिया का ‘किंगपिन’ बन गया। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 180 से अधिक ठगी के मामले दर्ज है। फिलहाल वो झारखंड के दुमका जेल में बंद है।
घनश्याम मंडल के खिलाफ 180 थानों में ठगी का मुकदमा
आपको सुनकर आश्चर्य होगा की दुमका जेल में बंद साइबर अपराध का ‘किंग पिन’ घनश्याम मंडल के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों के 180 थानों में ठगी के मुकदमे दर्ज है। इस साइबर अपराधी की कठिनाई अब बढ़ने वाली है। अब तक तो वो लोगों को ठग कर आराम की जिंदगी जी रहा था। लेकिन अब उसकी परेशानी बढ़ेगी।
कई थानों की पुलिस घनश्याम को ले सकती है रिमांड पर
27 अप्रैल 2025 को घनश्याम मंडल की गिरफ्तारी की गई थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद दुमका पुलिस ने देश के 180 थानों की पुलिस को पत्र भेज कर कुख्यात अपराधी घनश्याम मंडल की गिरफ्तारी की सूचना दे दी है। सभी थानों की पुलिस कुख्यात साइबर अपराधी घनश्याम मंडल को रिमांड पर ले सकती है और पूछताछ भी कर सकती है।
किसी देश के सम्राट की तरह लग्जरियस जीवन
जानकार बताते हैं कि उसकी लग्जरियस जीवन ऐसा था मानो वह किसी देश का सम्राट हो। लेकिन कहा जाता है ना अपराधी कितना भी चालाक क्यों ना हो आखिरकार वह कानून के शिकंजे में फंस ही जाते है। और हुआ भी यही आखिरकार साइबर क्राइम का बेताज बादशाह झारखंड पुलिस के एकल में फस गया और अब वह अपने सही ठिकाने जेल में है।