Robbery Case : तराईदांड डकैती कांड…! सौम्या चौरसिया का नाम आने से मामला हाई प्रोफाइल…19 आरोपी अरेस्ट…परिजनों ने किया जमकर हंगामा
डकैती की घटना 6 तारीख को हुई थी
कोरबा, 18 नवम्बर। Robbery Case : बालको थाना क्षेत्र के तराईदांड डकैती कांड में गिरफ्तार किए गए 19 आरोपियों के परिजनों ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर रिश्वत लेने, जबरन गिरफ्तार करने और गलत तरीके से कार्रवाई करने के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान पुलिस वाहन में आरोपियों को बैठाते समय भारी झूमाझटकी हुई, जिसे महिला सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह नियंत्रित किया।
सौम्या चौरसिया का नाम आने से मामला हाई प्रोफाइल
इस पूरे प्रकरण में निलंबित अफसर सौम्या चौरसिया का नाम आने के बाद मामला काफी हाई प्रोफाइल हो गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने सवाल उठाते हुए कहा कि मकान मालिक शत्रुघ्न दास की इतनी संपत्ति कहां से आई?
पता चला कि पीड़ित परिवार की बेटी बबीता दास, सौम्या चौरसिया की स्कूल और कॉलेज दिनों की क्लासमेट रही है। दुर्ग में दोनों ने साथ पढ़ाई की थी। कांग्रेस शासनकाल में सौम्या जब ज्वाइंट कलेक्टर और सीएम ऑफिस में उप सचिव थीं, तब बबीता कुछ समय उनके घर भी रही थी। बाद में कोयला घोटाले में सौम्या की गिरफ्तारी के बाद बबीता घर लौट आई और उसकी शादी हो गई।
डकैती की घटना 6 तारीख को हुई थी
6 तारीख को मकान मालिक शत्रुघ्न दास के घर में परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। उनकी शिकायत के अनुसार, घर से डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए गए थे।
19 आरोपी गिरफ्तार, कई जिलों से पकड़
पुलिस ने इस मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में कोरबा, जांजगीर-चांपा और सक्ति जिले के आरोपी शामिल हैं।
परिजनों का दावा है कि कई युवकों को बिना सबूत और बिना वजह उठाकर ले जाया गया है।
पुलिस जल्द खुलासा करने की बात कह रही है
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस का कहना है कि वे पूरे मामले का जल्द ही आधिकारिक खुलासा करेंगे और यह बताएंगे कि डकैती में किन लोगों की वास्तविक भूमिका थी।
परिजनों के हंगामे और सौम्या चौरसिया से जुड़ाव के सवालों ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।



