कोरबा

Surprise Inspection : पाली में विभिन्न निर्माणाधीन कार्यो का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण…! निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई कड़ी नाराजगी…यहां देखें VIDEO

टीएस के अनुरूप नहीं मिले दरवाजे और सेनेटरी फिटिंग, नाराज कलेक्टर ने तोड़कर बदलने के दिए निर्देश

कोरबा, 10 अप्रैल। Surprise Inspection : पाली विकासखंड में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज विभिन्न निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित प्रगतिरत कार्यो का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माणाधीन भवनों में तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही दोषपूर्ण कार्यो को तत्काल सुधारने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यस्थलों पर मैनपावर बढ़ाने और लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने एवं गुणवत्ता में विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसडीएम पाली श्री रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लाफा में डीएमएफ से निर्मित किए जा रहे चिकित्सक आवास का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर श्री दुदावत को निर्माणाधीन भवन में दरवाजे, प्लंबिंग फिटिंग्स और सेनेटरी कार्य तकनीकी प्राक्कलन (टीएस) के अनुरूप नहीं मिली। इस पर उन्होंने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के एसडीओ और सब-इंजीनियर पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अमानक स्तर दरवाजों को तत्काल हटाकर टीएस के अनुरूप अनुमोदित मानकों के अनुसार तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए तैयार हो रहे इस भवन में पुताई की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई तथा नवनिर्मित भवन में कई स्थानों पर सीपेज दिखाई देने पर भी कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। दीवारों में सीलन और दरार की समस्या से बचाव के लिए डबल लेयर पुट्टी और गुणवत्तापूर्ण पुताई कराने को कहा। भवन तक पहुंच मार्ग के लिए सीसी रोड निर्माण और पेयजल व्यवस्था हेतु बोरवेल निर्माण के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने भवन के निर्माण कार्यों की बारीकी से जांच की और सभी कार्य निर्धारित मापदंडों एवं तकनीकी विनिर्देशों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। जेमरा में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने ढलाई कार्य को तोड़कर पुनः कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शीघ्रता से लंबित कार्यो को तेजी से पूर्ण करने एवं कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। धौराभांठा में प्रगतिरत आंगनबाड़ी भवन का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के अनुरूप खिड़कियां लगाने, परिसर के जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों को हटाने के लिए सूची तैयार करने तथा पंचायत में नए आंगनबाड़ी भवन के लिए सर्वे कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नवीन महाविद्यालय पाली में निर्माणाधीन कॉन्फ्रेंस हॉल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने क्रियान्वयन एजेंसी को ठेकेदार को नोटिस जारी करने, कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने एवं कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। माखनपुर से जूनापारा तक निर्मित पीएम जनमन सड़क का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़क निर्माण के संबंध में जानकारी लेते हुए अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चैतुरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर उन्होंने गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूर्ण करने हेतु निर्माण विभाग को निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button