SECL Kusmunda Mine : कुसमुंडा खदान की ठेका कंपनी में बड़ा हादसा…! सिलेंडर फटने से ऑपरेटर की मौत दो गंभीर घायल

News Power Zone
2 Min Read
SECL Kusmunda Mine

कोरबा, 16 जनवरी। SECL Kusmunda Mine : कोरबा जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में कार्यरत एक ठेका कंपनी में बड़ा हादसा हो गया। ठेका कंपनी नीलकंठ में मशीन रिपेयरिंग के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी चिकित्सालय में जारी है।

मृतक की पहचान संजय देवांगन के रूप में हुई है, जो नीलकंठ कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि यह घटना बीती शाम मशीन की मरम्मत के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मशीन में लगा सिलेंडर अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आने से संजय की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं पुलिस का कहना है कि मशीन रिपेयरिंग के दौरान पिस्टन बाहर निकलकर संजय के सीने में जा लगा, जिससे उसकी मौत हुई, जबकि दो अन्य कर्मचारी घायल हो गए। हादसे के कारणों को लेकर जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार मृतक संजय देवांगन बलरामपुर जिले का निवासी था और अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। वह पिछले तीन वर्षों से नीलकंठ कंपनी में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। परिजनों और सहकर्मियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा छुट्टी के दिन भी उससे मिस्त्री का काम कराया जा रहा था, इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे की वास्तविक वजह की पड़ताल की जा रही है।

Share This Article