Retired ASI Burgled : कोरबा में रिटायर्ड एएसआई के घर चोरी…! 10 लाख के जेवरात लेकर चोर फरार…बेटी की शादी से पहले बड़ा झटका
डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
कोरबा, 25 जनवरी। Retired ASI Burgled : कोरबा जिले के सीएसईबी कॉलोनी में चोरों ने एक रिटायर्ड एएसआई के सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रिटायर्ड एएसआई का परिवार एक मिट्टी कार्यक्रम (फ्यूनरल) में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था।
परिवार घर की ताले की चाबी पड़ोसी और रिश्तेदार को देकर गया था। शनिवार को जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी से करीब 10 लाख रुपये के कीमती जेवरात गायब पाए गए।
पीड़ित की पहचान रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार के रूप में हुई है, जो 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए ये जेवरात खरीद कर रखे थे।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया है। पुलिस चोरी के संबंध में पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।



