रविंद्र जडेजा-संजू सैमसन ट्रेड पर अटका पेंच, सैम करन बने रोड़ा अब 15 नवंबर के बाद ही तय होगी डील

News Power Zone
2 Min Read

न्यूज डेस्क। आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बड़े ट्रेड की चर्चा है। रविंद्र जडेजा, सैम करन और संजू सैमसन को लेकर दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच बातचीत लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन अब यह डील अटक गई है। वजह हैं सैम करन।

सूत्रों के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स संजू सैमसन के बदले जडेजा और सैम करन को राजस्थान भेजने पर राजी है। हालांकि, यह डील अब तक फाइनल नहीं हो पाई है क्योंकि राजस्थान रॉयल्स के पास विदेशी खिलाड़ियों का कोटा पूरा है। ऐसे में वह सैम करन को तुरंत टीम में शामिल नहीं कर सकती।

राजस्थान के पास फिलहाल केवल 30 लाख रुपये बचे हैं जबकि सैम करन की ऑक्शन वैल्यू 2.4 करोड़ रुपये है। ऐसे में टीम को सैलरी कैप खाली करने और विदेशी स्लॉट खाली करने के लिए एक या दो खिलाड़ियों को रिलीज करना पड़ेगा।

खबर है कि रॉयल्स श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (5.25 करोड़) और महीष तीक्षणा (4.40 करोड़) को रिलीज करने पर विचार कर रही है ताकि करन को टीम में जगह मिल सके।

अब माना जा रहा है कि यह डील 15 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन के बाद ही पक्की होगी। सभी टीमों को उस दिन तक अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची जारी करनी है। हालांकि, अगर राजस्थान रॉयल्स अपनी रिटेंशन लिस्ट पहले जारी करती है, तो ट्रेड उससे पहले भी पूरा हो सकता है।

Share This Article