Raid in Night Party : तेलीबांधा में फार्म हाउस पर देर रात छापेमारी…! नशे की पार्टी में विदेशी शराब और हुक्का पॉट जब्त…रविन्द्र सिंह चावला गिरफ्तार
बड़े नाम आ सकते हैं सामने
रायपुर, 15 सितंबर। Raid in Night Party : रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक निजी फार्म हाउस में तेलीबांधा पुलिस ने देर रात छापेमारी कर नशे की पार्टी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में हुक्का पॉट और विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से रविन्द्र सिंह चावला समेत एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
कैसे हुआ खुलासा?
तेलीबांधा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वीआईपी रोड के एक फार्म हाउस में खुलेआम नशे की पार्टी चल रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ ही नहीं, दूसरे राज्यों से भी लोग शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मिला
फार्म में हुक्का पॉट, विदेशी शराब की दर्जनों बोतलें जब्त की गईं। पुलिस को चरस और चिट्टा जैसे नशीले पदार्थों के इस्तेमाल की आशंका भी है। पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ बदतमीजी और विरोध किया, जिसकी वीडियो फुटेज पुलिस ने जब्त की है।
कौन-कौन गिरफ्त में?
रविन्द्र सिंह चावला, मुख्य आरोपी और एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान पुलिस ने अभी उजागर नहीं की है। दोनों से फिलहाल पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए गए, और इस रेव पार्टी में किन-किन रसूखदारों की संलिप्तता हो सकती है।
आगे की कार्रवाई:
पुलिस ने फार्म से बरामद सभी सामानों को सील कर दिया है। फार्म हाउस के मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और आरोपीयों के खिलाफ NDPS एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बड़े नाम आ सकते हैं सामने
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में कुछ हाई-प्रोफाइल नामों का खुलासा हो सकता है, जो इस पार्टी में शामिल थे या इसके आयोजन से जुड़े थे। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्रग्स नेटवर्क और आपूर्ति चैनल पर भी नजर बनाए हुए है।
तेलीबांधा पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और शहर में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा।



