
कोरबा। Balconagar small traders protest बालकोनगर में लघु दुकानदारों पर मंडरा रहे बेदखली के खतरे को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। दुकानदारों की गुहार पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल खुद मैदान में उतरे और इंदिरा मार्केट स्थित उत्सव वाटिका में आयोजित अहम बैठक में प्रबंधन को साफ चेतावनी दे दी।

small traders protest बैठक में बड़ी संख्या में प्रभावित दुकानदार, उनके परिजन, व्यापारी संगठन और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। बालकोनगर चैम्बर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले हुई इस बैठक में अध्यक्ष सुमेर डालमिया सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
8 अप्रैल तक अल्टीमेटम, दुकानदारों में डर
नोटिस प्राप्त दुकानदारों ने बताया कि बालको प्रबंधन ने 8 अप्रैल तक जगह खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि तय समय में दुकानें नहीं हटाने पर बलपूर्वक कार्रवाई कर ठेला-गुमटी हटाई जाएगी। इस नोटिस के बाद से छोटे व्यापारियों और उनके परिवारों में भारी चिंता का माहौल है।
“एक फोन पर पहुंचूंगा” – अग्रवाल का भरोसा
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दुकानदारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे हर हाल में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अन्यायपूर्ण कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वे एक फोन कॉल पर तुरंत मौके पर पहुंचेंगे।
प्रबंधन को दो टूक चेतावनी
अग्रवाल ने सख्त लहजे में कहा कि यदि ठेला-गुमटी या दुकानों को हटाने की कोशिश की गई तो जोरदार आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बालको प्रबंधन के कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ भी जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
एकजुटता का संदेश, संघर्ष का संकल्प
बैठक में मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में इस कार्रवाई का विरोध किया और दुकानदारों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहें।



