रायपुर, 28 फरवरी। Police Investigation : ग्राम खरोरा निवासी 27 वर्षीय किशोर सारथी की हत्या की गुत्थी थाना खरोरा पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा ली है। इस मामले में मृतक की पत्नी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया गया है। मामला अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता में दर्ज किया गया है।
सड़क किनारे मिला था शव
प्रार्थी भागवत सारथी ने 28 फरवरी को सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई। पोस्टमार्टम के बाद परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
Shweta Srivastava Sinha (पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच तेज की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था।
योजना के तहत 27 फरवरी की रात पत्नी ने पति को बहन को लाने के बहाने घर से भेजा। पहले से घात लगाए आरोपियों ने खरोरा-रायपुर रोड पर थार वाहन से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर किशोर की हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना दर्शाने की कोशिश की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साजिश बेनकाब
सघन जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने षड्यंत्रपूर्वक हत्या का मामला दर्ज कर मृतक की पत्नी समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर लिया गया है। थाना खरोरा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से गंभीर हत्या प्रकरण का कुछ ही घंटों में सफलतापूर्वक खुलासा हो गया।