Police Action on Viral Reel : वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी…! बिलासपुर में आरक्षक लाइन अटैच…सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद SSP का एक्शन
विभागीय छवि पर पड़ा असर, तत्काल कार्रवाई
बिलासपुर, 07 अप्रैल। Police Action on Viral Reel : पुलिस वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 1372 देवानंद कैवर्त, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर का पुलिस यूनिफॉर्म में बनाया गया एक वीडियो (रील) सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्रथम दृष्टया यह कृत्य पुलिस वर्दी का दुरुपयोग और अशोभनीय आचरण माना गया है, जो विभाग के निर्धारित मानकों के विपरीत है।
मामले में कार्रवाई करते हुए आरक्षक देवानंद कैवर्त को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र, बिलासपुर संबद्ध किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि मामले में आगे विभागीय जांच भी की जा सकती है।



