कोरबा

Police Action : कोरबा में कृषि मंडी अधिकारी गिरफ्तार…न्यायिक रिमांड पर भेजा गया…महिला अफसर से दुष्कर्म का आरोप

6 फरवरी को होनी थी शादी, अचानक मुकरा अधिकारी

कोरबा, 20 फरवरी। Police Action : कोरबा जिले में पदस्थ एक कृषि मंडी अधिकारी को महिला अफसर से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी की पहचान राहुल साहू (33) के रूप में हुई है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, साल 2024-25 में काम के दौरान राहुल साहू और पीड़िता (जो स्वयं भी कृषि मंडी अधिकारी हैं) की मुलाकात हुई थी। दोनों अलग-अलग जिलों में पदस्थ थे, लेकिन कामकाज के सिलसिले में संपर्क बढ़ा और मोबाइल नंबर एक्सचेंज हुए। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई।

पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत

बताया जा रहा है कि इसी दौरान राहुल साहू ने पीड़िता से शादी का वादा किया। बाद में उसकी पोस्टिंग कटघोरा में हुई, जहां पीड़िता भी पदस्थ थी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब भी पीड़िता शादी की बात करती, वह आश्वासन देकर टाल देता था।

दोनों की शादी की तारीख 6 फरवरी 2026 तय की गई थी। लेकिन अचानक राहुल ने मोबाइल बंद कर पीड़िता से दूरी बना ली। पीड़िता लगातार संपर्क करने की कोशिश करती रही, लेकिन कई दिनों तक बात नहीं हो सकी। बाद में संपर्क होने पर आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और कथित रूप से धमकाने लगा।

इसके बाद पीड़िता ने कटघोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी की वर्तमान पदस्थापना रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में है। 19 फरवरी को पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और कोरबा लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button