Philippines Earthquake : 7.8 तीव्रता के भूकंप से कांपा फिलीपींस…! 3 मीटर ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी…कई देशों में अलर्ट जारी…5 लोगों की मौत

News Power Zone
2 Min Read
Philippines Earthquake

नई दिल्ली, 08 जून। Philippines Earthquake : दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ तट पर सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और जापान समेत कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस आपदा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:37 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे था, जिससे झटके बेहद तेज महसूस किए गए।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

भूकंप के बाद अमेरिकी और प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्रों ने एक मीटर से अधिक ऊंची समुद्री लहरों की आशंका जताई है। फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने कहा, लोग बिना देरी किए सुरक्षित और ऊंचे इलाकों में चले जाएं। जान सबसे ज्यादा जरूरी है।

इमारतें गिरीं, कई इलाकों में दहशत

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिणी फिलीपींस के जनरल सैंटोस शहर में एक इमारत का हिस्सा ढह गया। कई इलाकों में भवनों में दरारें आने और घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें हैं। इंडोनेशिया की मौसम एजेंसी ने बोर्नियो द्वीप, कालीमंतन और सुलावेसी के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी चेतावनी जारी करते हुए 3 मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका जताई है।

कई देशों में अलर्ट

भूकंप के झटके इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु प्रांतों में भी महसूस किए गए। इसके अलावा जापान, ताइवान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत महासागर के कई द्वीपीय देशों में छोटी सुनामी लहरों की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप की कम गहराई और समुद्र के भीतर केंद्र होने की वजह से सुनामी का खतरा काफी बढ़ गया है।

Share This Article