रायपुर
Oil Companies : गैस और ईंधन की उपलब्धता पर बड़ा कदम…! खाद्य सचिव रीना कंगाले ने आयल कंपनियों के साथ की बैठक…टोल-फ्री नंबर जारी
अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए जिला प्रशासन को कड़े निर्देश
रायपुर, 11 मार्च। Oil Companies : रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में राज्य में घरेलू एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना कंगाले ने की।
बैठक में ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ राज्य में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में संचालित पांच एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।
सचिव रीना कंगाले ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अत्यावश्यक संस्थाओं जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर सचिव ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।



