छत्तीसगढ़

NH Road Closed : बारिश ने तोड़ा हाईवे का दम…! NH-163 का डायवर्जन बहा…छत्तीसगढ़-तेलंगाना संपर्क पूरी तरह ठप

दो हिस्सों में बंटा डायवर्जन, सड़क पूरी तरह बंद


बीजापुर, 30 जुलाई। NH Road Closed : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अब छत्तीसगढ़ की सड़क व्यवस्था पर भी गंभीर असर डालना शुरू कर दिया है। बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में नेशनल हाईवे-163 पर निर्माणाधीन पुल के लिए बनाया गया अस्थायी डायवर्जन तेज बहाव में बह गया, जिससे छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर सभी छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी है।

दो हिस्सों में बंटा डायवर्जन, सड़क पूरी तरह बंद

तारलागुड़ा पोटाकेबिन के आगे निर्माणाधीन पुल के पास बना अस्थायी डायवर्जन तेज बारिश और उफनते नाले के दबाव को नहीं झेल सका और दो हिस्सों में टूट गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया।

रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही होती है

नेशनल हाईवे-163 छत्तीसगढ़ और तेलंगाना को जोड़ने वाला अहम राष्ट्रीय मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन बसें, ट्रक, मालवाहक वाहन और निजी वाहन गुजरते हैं। सड़क बंद होने से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।

दोनों ओर फंसे वाहन, लोगों की बढ़ी परेशानी

मार्ग बंद होने के कारण कई वाहन सड़क के दोनों ओर फंसे हुए हैं। व्यापारियों, किसानों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और लागत दोनों बढ़ रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में निर्माणाधीन पुलों के पास बनाए गए अस्थायी डायवर्जन बह जाते हैं और यही स्थिति हर साल देखने को मिलती है। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से मानसून के दौरान सुरक्षित और टिकाऊ वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

अभी और बढ़ सकती है मुश्किल

मौसम विभाग ने क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button