Navkar Hospital : रायपुर के नवकार अस्पताल में बवाल…! महिला की मौत के बाद मायका-ससुराल में मारपीट

News Power Zone
2 Min Read
Navkar Hospital

रायपुर, 04 अप्रैल। Navkar Hospital : छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में एक महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। Navkar Hospital में मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे जमकर हंगामा और मारपीट की स्थिति बन गई।

मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है, जहां संतोषी नगर निवासी यास्मिन ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही दोनों पक्ष अस्पताल पहुंच गए और माहौल अचानक बिगड़ गया। मायके पक्ष ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यास्मिन को शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और कई बार विवाद थाने तक भी पहुंच चुका था।

अस्पताल में मारपीट और हंगामा

विवाद इतना बढ़ गया कि कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। अस्पताल परिसर में लात-घूंसे चले और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हालात काबू में किए। एहतियात के तौर पर अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article