Nagar Panchayat By-Election : पांच नगर पंचायत चुनाव में भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत…! 12 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों पर पड़ेगा असर

News Power Zone
3 Min Read
Nagar Panchayat By-Election

रायपुर, 20 मई। Nagar Panchayat By-Election : प्रदेश की पांच नगर पंचायतों में होने वाले आम और उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी मुकाबले को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सत्ता में होने के कारण भाजपा ‘डबल इंजन सरकार’ के मुद्दे के साथ मतदाताओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं कांग्रेस भी अपने मजबूत जनाधार के दम पर चुनावी मैदान में पूरी सक्रियता के साथ उतरी है।

नगर पंचायत चुनाव में सियासी महासंग्राम

राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पांच नगर पंचायतों में से तीन ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में आती हैं जहां कांग्रेस के विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस विधायक भी इन क्षेत्रों में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि इन चुनावों का प्रभाव सीधे तौर पर 12 से अधिक प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों पर पड़ सकता है।

चार नई नगर पंचायतों बम्हनीडीह, शिवनंदनपुर, पलारी और घुमका में पहली बार आम चुनाव हो रहे हैं। वहीं सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। यहां पूर्व अध्यक्ष उषा मनहरण श्रीवास को अपने ही दल के पार्षदों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद पद गंवाना पड़ा था।

कांग्रेस इस सीट पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश में है, जबकि भाजपा विधायक भावना बोहरा और पार्टी के चुनाव प्रभारी चुनाव को लेकर सक्रिय हैं। दोनों दलों ने यहां मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को पांचों नगर पंचायतों में भाजपा और कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किए।

भाजपा ने चुनाव प्रबंधन के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। बम्हनीडीह मेंअनुराग सिंह देव, शिवनंदनपुर में रजनीश सिंह, पलारी में नीलू शर्मा और सहसपुर लोहारा में केदार गुप्ता को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। वहीं पूर्व सांसद Abhishek Singh घुमका में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं।

दूसरी ओर कांग्रेस ने अलग से प्रभारी नियुक्त करने के बजाय जिला प्रभारियों पर भरोसा जताया है। घुमका नगर पंचायत मेंदलेश्वर साहू, पलारी में संगीता सिन्हा और बम्हनीडीह में व्यास नारायण कश्यप चुनावी कमान संभाल रहे हैं।

चुनाव कार्यक्रम

21 मई तक नाम वापसी
1 जून को मतदान
4 जून को मतगणना और परिणाम

इन चुनावों में कुल चार नए नगर पंचायतों में अध्यक्ष और 60 पार्षद पदों के लिए मतदान होगा, जबकि सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव स्थानीय निकाय से आगे बढ़कर आगामी राजनीतिक समीकरणों की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।

Share This Article