नई दिल्ली, 03 फरवरी। Modi Trump Deal : भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी व्यापार वार्ता को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद दावा किया है कि दोनों देशों के बीच एक ट्रेड एग्रीमेंट पर सहमति बन गई है, जिसके तहत भारत पर लगाए गए अमेरिकी टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की। पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘मित्र’ बताते हुए कहा कि उनके अनुरोध और आपसी सम्मान के चलते यह फैसला तत्काल प्रभाव से लिया गया है।
भारत भी अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा
ट्रंप के अनुसार, इस समझौते के तहत जहां अमेरिका ने भारत पर टैरिफ में कटौती की है, वहीं भारत भी अमेरिकी वस्तुओं पर अपने टैरिफ को शून्य करने की दिशा में कदम बढ़ाएगा। उन्होंने इसे दोनों देशों के लिए ‘विन-विन डील’ बताया।
50% टैरिफ को लेकर भ्रम खत्म
गौरतलब है कि भारत पर अमेरिकी टैरिफ को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। पहले 25% टैरिफ लगाया गया था, जिसे बाद में रूसी तेल खरीद को लेकर आरोपों के चलते 50% तक बढ़ा दिया गया था। इस पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने स्पष्ट किया कि ट्रंप-मोदी बातचीत के बाद भारत पर अंतिम टैरिफ 18% ही रहेगा, हालांकि कागजी प्रक्रिया और तकनीकी औपचारिकताओं में कुछ समय लग सकता है।
रूसी तेल पर भी चर्चा
ट्रंप ने कहा कि इस समझौते में ऊर्जा और भू-राजनीति अहम मुद्दे रहे। उन्होंने दावा किया कि भारत, रूस से तेल की खरीद कम करेगा, जबकि अमेरिका और संभवतः वेनेजुएला से तेल-गैस आयात बढ़ा सकता है। ट्रंप के अनुसार, रूसी तेल ही इस ट्रेड डील का ‘ट्रिगर पॉइंट’ रहा।
500 अरब डॉलर की अमेरिकी खरीद की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस समझौते से ‘Buy American’ पॉलिसी को बढ़ावा मिलेगा और अमेरिका को उम्मीद है कि भारत आने वाले समय में 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदेगा।
PM मोदी की प्रतिक्रिया
डोनाल्ड ट्रंप की पोस्ट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, राष्ट्रपति ट्रंप से बात कर खुशी हुई। ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर 18% टैरिफ का फैसला 1.4 अरब भारतीयों के लिए सकारात्मक खबर है। जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो अपार अवसर खुलते हैं।’ प्रधानमंत्री ने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व की भी सराहना की।
Wonderful to speak with my dear friend President Trump today. Delighted that Made in India products will now have a reduced tariff of 18%. Big thanks to President Trump on behalf of the 1.4 billion people of India for this wonderful announcement.
Wishing you a happy day, every day!