कोरिया एसपी रवि कुमार कुर्रे को ‘सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक’

News Power Zone
2 Min Read

कोरिया। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर भारत सरकार ने ‘सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक’ से सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची जारी की है। इस सूची में कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक  रवि कुमार कुर्रे का नाम शामिल होना जिले के लिए गर्व का विषय है।

श्री कुर्रे ने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जनता और पुलिस के बीच विश्वास का माहौल बनाया है। उनकी कार्यशैली में संवेदनशीलता और सख्ती का संतुलन है, जिसके चलते अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियानों में उल्लेखनीय सफलता मिली है। थाना स्तर पर पारदर्शी शिकायत निवारण, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा और समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता रही है।

इस वर्ष सम्मान पाने वालों में कोरिया में सेवाएं दे चुके पूर्व एसपी एवं वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक श्री ध्रुव गुप्ता और पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रोहित कुमार झा भी शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ से कुल 10 अधिकारी इस सम्मान से अलंकृत होंगे, जबकि पूरे देश से 758 अधिकारियों और कर्मचारियों को यह पदक मिलेगा। सम्मानित होने वाले अन्य छत्तीसगढ़ी अधिकारियों में आईपीएस प्रशांत कुमार ठाकुर, कमांडेंट श्रेता राजमणि, इंस्पेक्टर कौशल्या भट्ट, कमलेश कुमार मिश्रा, प्लाटून कमांडर डालसिंह नामदेव, कंपनी कमांडर दिलीप कुमार सिन्हा और सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार बरुआ शामिल हैं।

यह सम्मान अनुकरणीय सेवा, उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अटूट अनुशासन और अदम्य साहस के लिए दिया जाता है, जो आने वाले समय में पुलिस बल के लिए प्रेरणा बनेगा।

Share This Article