
कोरबा। जिले में मोबाइल लूट और मोटरसाइकिल चोरी के मामलों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल कोरबा, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना कोतवाली, चौकी सीएसईबी और चौकी मानिकपुर की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में की गई।

पहला मामला ,कोतवाली थाना क्षेत्र से मोबाइल लूट
दिनांक 10 नवंबर 2025 को सीतामणी हाटर निवासी अंशु ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कॉलेज जाते समय एक बाइक सवार युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया और भाग गया। मोटरसाइकिल पर “Dragon Ball” लिखा हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपी दीपक कुर्रे (22 वर्ष), निवासी बरीडीह, थाना उरगा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई।
दूसरा मामला ,सिविल लाइन क्षेत्र से मोबाइल स्नैचिंग
उसी दिन राजीव नगर निवासी जसुमन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी स्कूटी चलते वक्त एक अज्ञात युवक ने उसका VIVO मोबाइल (IMEI 887309055744418) छीन लिया।
तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल पाटले (25 वर्ष), निवासी इंदरगढ़पारा, को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक CG-12 AG-7740 बरामद की गई।
तीसरा मामला ,मानिकपुर क्षेत्र से लूट
10 नवंबर की शाम दो अज्ञात युवकों ने एक महिला से मोबाइल छीनकर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों दीपक कुर्रे और कन्हैया लाल यादव (19 वर्ष), निवासी बरीडीह मोहनपुर, को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
संयुक्त टीम की सक्रियता
सभी मामलों में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर की मदद से आरोपियों को धरदबोचा।
घटना में प्रयुक्त वाहन और लूटा गया सामान जब्त कर लिया गया है।
पुलिस की अपील
- ▪️ सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल फोन का उपयोग करते समय सतर्क रहें।
▪️ वाहन हमेशा सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और लॉक करें।
▪️ किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी तुरंत डायल 112 या निकटतम थाना को दें। पुलिस का कहना है आपकी छोटी सी सूचना भी किसी बड़ी घटना को रोक सकती है।



