
कोरबा। OPS Old Pension Korba News छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक दर्री (कोरबा) स्थित यूनियन कार्यालय में जोरदार उपस्थिति के साथ सम्पन्न हुई। प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुट होकर कर्मचारियों के मुद्दों पर मंथन किया और कई अहम प्रस्ताव पारित किए।

OPS Old Pension Korba News: बैठक में पूर्व प्रांताध्यक्ष सी.के. खांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने की। प्रांतीय महासचिव अजय बाबर विशिष्ट अतिथि रहे। मंच पर एस.ए. सईद, प्रदीप पाठक, डी.एस. दीक्षित और यू.एस. वर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान 1987 के सारणी आंदोलन के शहीद स्व. कश्मीरा सिंह को श्रद्धांजलि दी गई, साथ ही वेदांता पावर प्लांट शक्ति हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों को दो मिनट का मौन रखकर याद किया गया। इसके बाद करीब 80 पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कर्मचारियों के हित में बड़े फैसले
बैठक में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने, 3% तकनीकी भत्ता, समय पर पदोन्नति, नियमित भर्ती और वेतन विसंगतियों को दूर करने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही निजीकरण के विरोध का भी ऐलान किया गया।

प्रबंधन पर सख्त रुख
मुख्य अतिथि सी.के. खांडे ने प्रबंधन के रवैये को कर्मचारी विरोधी बताते हुए कड़ा रुख अपनाने की बात कही। महासचिव अजय बाबर ने संकेत दिए कि जल्द ही प्रबंधन के साथ बातचीत होगी। वहीं प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने साफ चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर गेट मीटिंग, घेराव और बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारियों की भागीदारी
बैठक में प्रदेशभर से आए कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में कोरबा सर्किल और विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बैठक के अंत में यूनियन ने साफ संदेश दिया कि कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा।



