
कोरबा। कोरबा नगर निगम में मेयर और पार्षदों के सम्मेलन की अधिसूचना जारी होने से पहले निगम सभापति और नेता प्रतिपक्ष के चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में गुटीय राजनीति गरमा गई है। बता दें कि कोरबा नगर निगम में भाजपा ने 67 वाडों में से 52 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। कोरबा नगर पालिका चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज कर भाजपा से संजू देवी महापौर बनी हैं। महापौर मिलने के बाद अब सभापति और नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए कई दावेदार सामने आए हैं। सभापति पद के लिए भाजपा से 6 और कांग्रेस से 4 प्रमुख दावेदार हैं।
परिवाद के लग सकते हैं आरोप
सूत्रों के मुताबिक, पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा सभापति का नाम तय करेगी। इस रेस में पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल और पूर्व सभापति और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी के नाम प्रमुखता से शामिल हैं। हालांकि इस दौड़ में निर्विरोध पार्षद चुने गए मंत्री लखनलाल देवांगन के भाई नरेंद्र देवांगन को भी शामिल बताया जा रहा है मगर वरीयता और प्रशासनिक अनुभव में हितानंद अग्रवाल, अशोक चावलानी उन पर भारी पड़ रहे हैं। वहीं अगर नरेंद्र देवांगन को सभापति के लिए चुना जाता है तो पार्टी पर परिवाद के आरोप लग सकते हैं।
भाजपा से ये नाम सभापति की दौड़ में शामिल
निगम सभापति की दौड़ में पूर्व सांसद बंशीलाल महतो के बेटे विकास महतो के करीबी चंद्रलोक सिंह का नाम भी दावेदारों की सूची में शामिल हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार अपने वार्ड से जीत दर्ज की है। नूतन सिंह ठाकुर पूर्वांचली मतदाता बाहुल्य सीट से जीते हैं और अधिवक्ता संघ में भी पदस्थ हैं। लक्ष्मण श्रीवास भी मंत्री के करीबी माने जाते हैं। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी की ओर लिया जाना है।
कांग्रेस से 4 दावेदार
नेता प्रतिपक्ष पद के लिए कांग्रेस से 4 दावेदार सामने आए हैं। मुकेश राठौर पांचवीं बार पार्षद चुने गए हैं। अन्य दावेदारों में रवि चंदेल, सुभाष राठौड़, कृपाराम साहू और गोपाल कुरें शामिल हैं। इनमें से नेता प्रतिपक्ष का कांटों भरा ताज किसे मिलेगा इसके लिए कांग्रेस में रायशुमारी जारी है।