
कोरबा। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, कोरबा में 28 दिसंबर 2025 को भूतपूर्व छात्र छात्राओं का भव्य सम्मेलन (Alumni Meet 2025) गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 120 से अधिक पूर्व विद्यार्थियों की उपस्थिति से विद्यालय परिसर स्मृतियों, अनुभवों और आत्मीय मिलन का साक्षी बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र आशुतोष पाण्डेय, आईएएस (कमिश्नर, नगर निगम कोरबा) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में नवोदय विद्यालय की आवासीय शिक्षा प्रणाली, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय न केवल अकादमिक उत्कृष्टता सिखाता है, बल्कि जीवन के लिए आवश्यक नेतृत्व, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी भी विकसित करता है।
उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए सदन प्रणाली और अनुशासनात्मक गतिविधियों की भूमिका को रेखांकित किया, जो प्रशासनिक सेवा में उनके कार्यकाल के दौरान भी मार्गदर्शक बनी।
इस अवसर पर वर्तमान छात्र–छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सम्मेलन के दौरान एलुमनी की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित संतोष कुमार चौरसिया, पीजीटी (रसायन विज्ञान) को श्रीफल, शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह क्षण विद्यालय के लिए विशेष गौरव का विषय रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पी. आर. शंकरी ने की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी भूतपूर्व छात्रों को बधाई दी तथा उपस्थित पूर्व शिक्षकों अदीप मिश्र, एम. के. मिश्र, महाबली पोर्टे एवं दिलहरन घृतलहरे का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
समापन अवसर पर एलुमनी प्रभारी शेर अफगान ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में लोकचंद सोनटके, रामावतार, सुश्री अनामिका, सत्येंद्र सिंह, विक्रांत आक्रे सहित समस्त कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कुल मिलाकर यह सम्मेलन केवल पुनर्मिलन का अवसर नहीं रहा, बल्कि नवोदय की परंपरा, मूल्यों और उपलब्धियों को नई ऊर्जा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।



