BreakingFeaturedकोरबाक्राइम

Korba Crime: थार में आग लगाने वाला और चाकूबाज ‘घोड़ा’ आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, अब होगा जिला बदर!


कोरबा। Korba Crime News कोरबा पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले कुख्यात बदमाश आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दो अलग-अलग संगीन मामलों में लंबे समय से फरार था। गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने और जिला बदर करने की तैयारी में जुट गई है।

 

थार में आग लगाने वाले गिरोह पर बड़ा वार

 

बहुचर्चित थार वाहन आगजनी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पहले एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब आशु चुटैल उर्फ घोड़ा भी दबोच लिया गया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। अब तक इस सनसनीखेज आगजनी कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

 

 गुटखा दुकान के सामने बना खूनी मंजर

 

पुलिस जांच के अनुसार, 7 जून 2026 की रात बुधवारी स्थित एक गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि आशु चुटैल उर्फ घोड़ा और उसके साथियों ने पहले युवक का रास्ता रोका, फिर गाली-गलौज और मारपीट की। शराब पीने के लिए पैसे मांगने का विरोध करने पर आरोपी ने हत्या की नीयत से युवक के पेट में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया।

 

लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हुआ।

 

पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले

 

पुलिस के मुताबिक आशु चुटैल उर्फ घोड़ा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उसके लगातार बढ़ते आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने और जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी को प्रस्ताव भेज दिया है।

 

अपराधियों पर जारी रहेगा शिकंजा

 

पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button