
कोरबा। राज्योत्सव की तैयारियों के बीच नगर निगम फिर एक बार विवादों में है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के कटआउट को पशु ट्राली में ढोए जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही निगम की खूब किरकिरी हो गई।
बवाल बढ़ता देख आयुक्त ने दो सब इंजीनियर—अभय मिंज और अश्वनी दास—को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
दरअसल, ओपन थिएटर में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर नेताओं के कटआउट लगाने की जिम्मेदारी निगम को सौंपी गई थी। मगर ट्राली में कटआउट ढोने की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाए कि क्या यही है “सुशासन की तस्वीर”?
गौर करने वाली बात यह है कि यह दूसरी बार हुआ है। 11 सितंबर 2025 को भी नेताओं के कटआउट पशु ट्राली में ले जाए गए थे। उस वक्त निगम प्रशासन ने सिर्फ चेतावनी देकर मामला रफा-दफा कर दिया था।
अब देखना होगा कि इस बार लापरवाह अफसरों पर सख्त कार्रवाई होती है या फिर एक और चेतावनी देकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।



