BreakingFeaturedकोरबाक्राइमसामाजिक

कोरबा ब्रेकिंग: बदमाशों के हौसले बुलंद, युवा ट्रांसपोर्टर की नई ‘Thar ROXX’ को सरेराह पेट्रोल छिड़ककर फूंका!

0 पुलिस की उदासीनता से भड़के पीड़ित: डायल 112 तमाशबीन बनी रही, पीड़ित ने खुद बालको से बुलाई फायर ब्रिगेड!

0सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली लाइव वारदात, नकाबपोश आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।

 

 

कोरबा। KorbaPolice छत्तीसगढ़ की ऊर्जा नगरी कोरबा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें कानून और खाकी का कोई खौफ नहीं रह गया है। बीती देर रात शहर के बीचों-बीच दो अज्ञात नकाबपोश युवकों ने एक ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में दहशत और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। बदमाशों ने एक युवा ट्रांसपोर्टर ‘आदि’ की चमचमाती नई Thar ROXX को सरेराह आग के हवाले कर दिया।

 

 

धू-धू कर जलती रही थार; खाकी की ‘सुस्ती’ पर उठे सवाल!

 

 

 

जानकारी के अनुसार, देर रात एक बाइक पर सवार होकर दो शातिर नकाबपोश युवक ट्रांसपोर्टर आदि के घर के बाहर पहुंचे। युवकों ने बेहद शातिराना अंदाज में गाड़ी पर पेट्रोल छिड़का और माचिस मारकर पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गए। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते थार की लपटें आसमान छूने लगीं।

 

 

हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम में आग बुझाने को लेकर कोई तत्परता नहीं दिखी। पुलिस की इस घोर उदासीनता से नाराज होकर वाहन मालिक ने खुद तत्परता दिखाई और बालको से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर बुलाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक लाखों की गाड़ी जलकर खाक हो चुकी थी।

 

 

कैमरे में कैद हुआ ‘खौफ का लाइव वीडियो’

 

 

 

यह पूरी सनसनीखेज वारदात वहां पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे दो बेखौफ अपराधी बाइक से आते हैं, गाड़ी के पास रुककर पेट्रोल उड़ेलते हैं और आग लगाकर बड़ी आसानी से फरार हो जाते हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

 

 

 

पुलिसिया कार्रवाई: आरोपियों की तलाश जारी

 

 

 

इस घटना के बाद से स्थानीय कारोबारियों और वीआईपी रोड के निवासियों में भारी गुस्सा है। ट्रांसपोर्टर आदि की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को ही मुख्य सुराग मानकर आरोपियों के हुलिए और बाइक के नंबर को खंगाल रही है। शहर के बीचों-बीच ऐसी वारदात पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों पर बड़ा सवालिया निशान खड़ी करती है। अब देखना यह है कि कोरबा पुलिस इन बेखौफ बदमाशों को कब तक सलाखों के पीछे भेज पाती है!

 

 

Related Articles

Back to top button