
प्रतीकात्मक तस्वीर
कोरबा। जिले के HTPP साइलो से जुड़े ट्रक लोडिंग सिस्टम में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना राख लोड किए ही ट्रकों के गेट पास काटे जा रहे थे। इस गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद प्रबंधन स्तर पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संकेत मिले कि यह पूरा खेल कुछ अधिकारियों, PLC फील्ड ऑपरेटरों और राख परिवहन से जुड़े ठेकेदारों की आपसी सांठगांठ से चल रहा था। हर पाली में ट्रक लोडिंग पर्चियों और गेट पास में हेराफेरी की जा रही थी, जिसे अब गंभीर अपराध की श्रेणी में माना गया है।
CSEB प्रबंधन ने साफ किया है कि सिविल विभाग इन्हीं गेट पास और पर्चियों के आधार पर ठेकेदारों को भुगतान करता है। ऐसे में फर्जी गेट पास सीधे तौर पर शासन और प्रबंधन को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे। इसे केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि गंभीर वित्तीय गड़बड़ी माना गया है।
प्रबंधन ने सभी PLC और फील्ड ऑपरेटरों को कड़ी चेतावनी जारी की है कि किसी भी हालत में फर्जी या गलत पर्ची न बनाई जाए। साथ ही O&M कार्य कर रही एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कर्मचारियों पर सख्त निगरानी रखें और नियमों का पूरी तरह पालन कराएं।
प्रबंधन ने चेताया है कि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी दोबारा सामने आई तो संबंधित ठेकेदारों और कर्मचारियों पर भारी पेनाल्टी के साथ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सेवा से हटाने तक की कार्रवाई भी की जा सकती है।
पढ़ें चस्पा किया नोटिस
हर रोज 50 ट्रेलर के कट रहे थे फर्जी गेट पास
खनिज मामलों के जानकारों के अनुसार, PLC फील्ड ऑपरेटरों और राख परिवहन करने वाले ठेकेदारों की मिलीभगत से रोजाना करीब 50 ट्रेलरों के फर्जी गेट पास काटे जा रहे थे। शिकायत मिलने के बाद प्रबंधन की टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो बिना राख लोड किए ट्रकों को गेट पास जारी करने की पुष्टि हुई।
मामले के उजागर होते ही CSEB प्रबंधन की ओर से संबंधित स्थानों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए साफ कहा है कि अब पूरे सिस्टम पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





One Comment