
कोरबा। Korba holi knife attack रंगों के त्योहार होली पर जहां शहर जश्न में डूबा था, वहीं सिटी कोतवाली क्षेत्र के सीतामढ़ी इमलीडुग्गू इलाके में खौफ का मंजर देखने को मिला। 4 से 5 नशे में धुत युवकों ने चाकू और सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
Korba holi knife attack प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला इतना अचानक और तेज था कि लोग संभल भी नहीं पाए। परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि धन सिंह और मोहन ठाकुर भी हमले में जख्मी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हमलावर मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये युवक आदतन अपराधी हैं और नशे की हालत में अक्सर इलाके में दहशत फैलाते रहते हैं।
बस्तीवासियों का कहना है कि सीतामढ़ी क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। यही वजह है कि आए दिन चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते सख्ती होती तो यह वारदात नहीं होती।
घटना के बाद बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग
कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। होली की खुशियां मातम में बदल गईं, अब सवाल यह है कि क्या इस बार प्रशासन सख्त कदम उठाएगा या फिर बस्ती में दहशत का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा।



