कोरबा, 16 नवंबर 2025। जिले में कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी 15 नवंबर से बिना किसी रुकावट के शुरू हो चुकी है। कलेक्टर ने साफ कहा है कि यह किसानों से जुड़ी जरूरी सेवा है और इसमें किसी तरह की लापरवाही या बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी कड़ी में आज धान उपार्जन केंद्र छुरीकला के समिति प्रबंधक अशोक कुमार दुबे और निरधी (पाली ब्लॉक) के समिति प्रबंधक नरेन्द्र कश्यप के खिलाफ एस्मा उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों पर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और खरीदी कार्य में बाधा डालने के आरोप हैं।
शासन ने सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल पर सख्त रुख अपनाते हुए धान खरीदी अवधि के लिए पूरे प्रदेश में एस्मा लागू किया है। यह अधिनियम आवश्यक सेवाओं को बाधित होने से रोकता है और उल्लंघन की स्थिति में बिना वारंट गिरफ्तारी का प्रावधान भी देता है। कर्मचारियों को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि खरीदी प्रक्रिया को रोकना दंडनीय होगा।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी उपार्जन केंद्रों में वरिष्ठ अधिकारियों, कृषि विकास अधिकारियों, सहकारिता निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी गई है। हर केंद्र के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं ताकि खरीदी प्रक्रिया बिना रुकावट जारी रहे।
कोरबा जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान समर्थन मूल्य पर बेच सकें।



