Korba Breaking: मदन लाल, तनवीर और मुकेश के स्क्रैब यार्ड में चला बुलडोजर.. इन्हें मिला तीन दिन की मोहलत…

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा। Korba Breaking शहर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए कई स्क्रैप यार्डों पर बुलडोजर चला दिया। राताखार, मुड़ापार रामनगर और झगरहा बस्ती इलाके में मदन लाल, तनवीर और मुकेश से जुड़े कबाड़ यार्डों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की संयुक्त टीम ने शासकीय जमीन पर कब्जा कर चल रहे इन अवैध कारोबारों को हटाते हुए सख्त संदेश दिया है। वहीं झगरहा क्षेत्र में सियाराम अग्रवाल को अवैध कब्जा खाली करने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Korba Breaking सोमवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तथा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। टीम ने शासकीय जमीनों पर कब्जा कर संचालित किए जा रहे कबाड़ कारोबार को हटाते हुए कई अवैध यार्डों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

राताखार क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू ने करीब 70 डिसमिल शासकीय जमीन पर कब्जा कर दो कबाड़ यार्ड बना लिए थे और वहां बड़ी मात्रा में कबाड़ जमा किया गया था। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों यार्डों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसी परिसर में बने बाउंड्रीवाल और तीन मंजिला मकान की दीवार को भी तोड़ दिया गया है। प्रशासन ने मकान से सामान हटाने के लिए संबंधित को समय दिया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह मुड़ापार रामनगर इलाके में कबाड़ कारोबारी तनवीर द्वारा लगभग एक-एक एकड़ शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाए गए दो कबाड़ यार्डों को भी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह हटा दिया।
वहीं झगरहा बस्ती क्षेत्र में सियाराम और मदनलाल द्वारा करीब 50 डिसमिल जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए कबाड़ यार्डों पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों यार्डों को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि शहर में शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण कर बिना अनुमति चल रहे अवैध कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि शासकीय जमीनों पर कब्जा और अवैध कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article