Korba Breaking: भाजपा नेता व पूर्व सरपंच पर ₹3 करोड़ के गबन का आरोप… कलेक्टर से शिकायत, जानिए कब कितनी सरकारी राशि पर उठे सवाल

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। Korba BJP Leader ₹3 Crore Corruption Allegation ग्राम पंचायत तिलकेजा के पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता पर करीब 3 करोड़ रुपये के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे हैं। जनपद पंचायत सदस्य किशन लाल कोसले ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2024-25 के बीच ग्राम पंचायत तिलकेजा को 14वें एवं 15वें वित्त आयोग के तहत लगभग 2.58 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। आरोप है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा निर्धारित विकास कार्यों में खर्च नहीं किया गया और कई निर्माण कार्य केवल दस्तावेजों में दर्शाए गए, जबकि मौके पर उनका कोई अस्तित्व नहीं मिला।

कब कितनी राशि मिली, शिकायत में क्या दावा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि अलग-अलग वित्तीय वर्षों में पंचायत को करोड़ों रुपये की सरकारी राशि मिली, लेकिन उसके उपयोग में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं। आरोप है कि कई कार्यों के नाम पर राशि आहरित की गई, जबकि संबंधित कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देते।

इसके अलावा शिकायत में दावा किया गया है कि एक ही कार्य के लिए दो से तीन बार भुगतान किया गया। वहीं, मूलभूत योजनाओं के लगभग 32 लाख रुपये का भी उपयोग नहीं किया गया। इन सभी आरोपों को जोड़ते हुए शिकायतकर्ता ने करीब 3 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

उच्च स्तरीय जांच और वसूली की मांग

कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की राशि की वसूली करने तथा दोषी पाए जाने पर पूर्व सरपंच के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

शिकायत की प्रतिलिपि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं मीडिया को भी भेजी गई है।

 

 

Document 56

 

Share This Article