कोरबा

Smart City : कोरबा को सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने की पहल…! कलेक्टर ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण

कोरबा, 25 फरवरी। Smart City : शहर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक स्वरूप देने तथा खेल एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पीजी कॉलेज में आधुनिक खेल सुविधाएं

कलेक्टर ने शासकीय इंजीनियर विश्वेश्वरैया पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के खेल मैदान का निरीक्षण कर यहां एथलेटिक रनिंग ट्रैक, लघु इनडोर स्टेडियम और इनडोर कबड्डी कोर्ट विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्य डॉ. रेणुबाला शर्मा से चर्चा करते हुए कहा कि खेल अधोसंरचना मजबूत होने से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।

ऑक्सीजोन और तालाबों के विकास पर जोर

पोड़ीबहार स्थित ऑक्सीजोन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने नियमित रख-रखाव और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मानिकपुर पोखरी और मुड़ापार तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मुड़ापार तालाब के विकास हेतु पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए।

सर्वमंगला उद्यान और मटन मार्केट का कायाकल्प

सर्वमंगला मंदिर स्थित गार्डन के सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और हरित क्षेत्र विस्तार हेतु समग्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। राताखार स्थित मटन मार्केट को सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए गए।

इंदिरा स्टेडियम और नालंदा परिसर का विकास

टीपी नगर स्थित इंदिरा स्टेडियम तथा राजीव गांधी ऑडिटोरियम के संपूर्ण नवीनीकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही स्टेडियम परिसर में हॉकी स्टेडियम और इनडोर स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। प्रस्तावित नालंदा परिसर को यूपीएससी-पीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विकसित किया जाएगा।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाएं आधुनिक मानकों और दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। कलेक्टर की इस पहल से कोरबा में खेल, शिक्षा, पर्यावरण और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार की उम्मीद है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में प्रशासन ने ठोस कदम बढ़ा दिए हैं।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button