Illegal Paddy Seized : अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई…! कबीरधाम जिले में 94 क्विंटल धान किया जब्त
भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही
कबीरधाम, 03 दिसंबर। Illegal Paddy Seized : धान खरीदी अवधि के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर बेचने वालों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले के निर्देश पर सक्रिय राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल लगातार जांच अभियान चला रहा है। इसी कार्रवाई के तहत 1 दिसंबर को कबीरधाम जिले में कुल 94 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया।
ग्राम सैगोना में एक वाहन से 40 क्विंटल धान बरामद
उड़नदस्ता दल ने ग्राम सैगोना में वाहन क्रमांक CG 14 ME 0764 को रोककर जांच की, जिसमें से लगभग 40 क्विंटल अवैध धान मिला।वाहन चालक वीरेन्द्र जायसवाल से पूछताछ में खुलासा हुआ कि धान मध्यप्रदेश से लाया जा रहा था। परिवहन के लिए न तो मंडी अनुज्ञा पत्र मिला और न ही अन्य कोई वैध दस्तावेज। मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।
भेलवा टोला, रेंगाखार में 20 क्विंटल धान जब्त
ग्राम रेंगाखार के पास वाहन क्रमांक CG 09 B 1114 से दल ने 20 क्विंटल अवैध धान बरामद किया। चालक टेकूलाल शहरिया के पास भी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। वाहन और धान को जब्त कर रेंगाखार थाना के सुपुर्द किया गया।
ग्राम पंडरिया में 30 क्विंटल धान की बरामदगी
ग्राम पंडरिया में वाहन क्रमांक MP 51 G 1652 से 30 क्विंटल धान पकड़ा गया। चालक दुर्गेश पंचेश्वर ने भी धान को मध्यप्रदेश से लाने की बात स्वीकार की, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन और धान रेंगाखार थाना को सौंप दिया गया है।
बिसेसरा पुल में 24 क्विंटल धान जब्त
बिसेसरा पुल क्षेत्र में वाहन क्रमांक CG 09 B 1477 से 24 क्विंटल अवैध धान मिला। वाहन चालक टिकेश्वर साहू पंचेश्वर दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद वाहन और धान को पंडरिया मंडी के सुपुर्द किया गया।
लगातार जारी है कार्रवाई
अवैध धान परिवहन व बाहरी राज्यों से धान की आवक पर रोक लगाने के लिए विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रत्येक मामले में नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जा रही है।



