Illegal Betting : किराए के मकान से चल रहा था हाईटेक सट्टा नेटवर्क…! 7 आरोपी गिरफ्तार

News Power Zone
3 Min Read
Illegal Betting
दुर्ग, 22 मार्च। Illegal Betting : जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में किराए के मकान से संचालित इस अवैध कारोबार में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नालंदा स्कूल के पीछे स्थित एक मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर जामुल पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को जोड़ता था और उन्हें आईडी उपलब्ध कराकर मोबाइल व लैपटॉप के माध्यम से सट्टा खिलाया जाता था। अवैध लेन-देन छिपाने के लिए अलग-अलग सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह प्रतिदिन 3 लाख से 7 लाख रुपए तक का लेन-देन करता था और इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपए का अवैध कारोबार संचालित हो रहा था।

जप्त सामग्री

  • ₹1,00,000 नगद
  • 16 मोबाइल फोन
  • 01 लैपटॉप
  • 07 बैंक पासबुक
  • 15 एटीएम कार्ड
  • वाई-फाई उपकरण
  • लेन-देन रजिस्टर
  • 01 पासपोर्ट
मामले में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं 6, 7, 8 के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से संगठित रूप से इस सट्टा नेटवर्क का संचालन किया था। इस कार्रवाई में जामुल थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के जरिए गिरोह का खुलासा किया।

दुर्ग पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Share This Article