
कोरबा। Snake Rescue Helpline Korba बारिश का मौसम शुरू होते ही जिले में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूर सोसायटी (RCRS) ने विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। संस्था ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर घबराने या उसे मारने की बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
RCRS के अनुसार अधिकांश सांप विषहीन होते हैं और बिना कारण किसी व्यक्ति पर हमला नहीं करते। डर और गलत जानकारी के कारण लोग अक्सर सांपों को मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि यदि घर, आंगन, खेत, दुकान, स्कूल, गोदाम या आसपास कहीं भी सांप दिखाई दे तो शांत रहें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा बच्चों और पालतू जानवरों को उससे दूर रखें। साथ ही सांप की लोकेशन पर नजर रखते हुए तत्काल हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
RCRS ने स्पष्ट किया है कि सांप को मारने, पत्थर या डंडा फेंकने, भीड़ लगाने अथवा सोशल मीडिया वीडियो देखकर स्वयं रेस्क्यू करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ती है।
संस्था का कहना है कि सांप पर्यावरण और जैव विविधता के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। इन्हें बचाना केवल एक जीव की रक्षा करना नहीं बल्कि प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में योगदान देना है।
RCRS ने आम नागरिकों से इस जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है ताकि अनावश्यक हादसों को रोका जा सके और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
हेल्पलाइन नंबर: 9827917948, 9009996789, 7987957958




