छत्तीसगढ़
History of CG Assembly : ऐतिहासिक पहल…! राज्य में पहली बार अवकाश वाले दिन विधानसभा सत्र…अब तक विधानसभा में 76 सत्र और 773 बैठकें की आयोजित
पहली बैठक जशपुर हॉल में
रायपुर, 11 दिसंबर। History of CG Assembly : छत्तीसगढ़ विधानसभा के 25 वर्षों के सफर को देखते हुए कई ऐतिहासिक जानकारियां सामने आई हैं। राज्य गठन से लेकर अब तक विधानसभा में कुल 76 सत्र और 773 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जो छत्तीसगढ़ की संसदीय परंपरा की मजबूत यात्रा को दर्शाता है।
यह जानकारी गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने नई विधानसभा बिल्डिंग में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने कहा कि नई विधानसभा बिल्डिंग अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और आने वाले सालों में राज्य की संसदीय परंपराओं को एक नई दिशा देगी।
उन्होंने आगे बताया कि 14 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के गठन की 25वीं वर्षगांठ (सिल्वर जुबली) है। इसी दिन विधानसभा का पहला सत्र होगा। हालांकि, उस दिन रविवार है, और छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहली बार होगा कि कोई विधायी सत्र छुट्टी के दिन शुरू होगा। पहले दिन ‘विजन 2047’ पर एक विशेष चर्चा होगी। 15 दिसंबर को सप्लीमेंट्री बजट पेश किया जाएगा। विधायकों ने शीतकालीन सत्र के लिए 628 सवाल जमा किए हैं।



