Helicopter Wedding : नए साल पर दूल्हे ने निभाया वादा…! हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई…! गांव में उमड़ा जनसैलाब
इकौंदा गांव में पहली बार दिखा हेलीकॉप्टर से दूल्हा-दुल्हन का आगमन

अमरोहा, 02 जनवरी।Helicopter Wedding : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से नए साल के पहले दिन एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। नवविवाहित दुल्हन की हेलीकॉप्टर से विदाई और गांव में आगमन को देखने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। यह नजारा हसनपुर तहसील क्षेत्र के थाना सैदनगली अंतर्गत गांव इकौंदा में देखने को मिला।
दरअसल, दूल्हे ने अपनी दुल्हन से वादा किया था कि वह उसे हेलीकॉप्टर से विदा कराकर गांव लाएगा। 31 दिसंबर को विदाई प्रस्तावित थी, लेकिन घना कोहरा और धुंध के कारण हेलीकॉप्टर की उड़ान संभव नहीं हो सकी। मौसम खराब होने की वजह से कार्यक्रम एक दिन के लिए टाल दिया गया।
मौसम साफ होते ही उड़ी खुशियों की उड़ान
गुरुवार को मौसम साफ होने के बाद, प्रशासन से पहले से ली गई अनुमति के अनुसार हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। दोपहर करीब एक बजे उझारी स्थित अस्थायी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर ने सुरक्षित लैंडिंग की। जैसे ही हेलीकॉप्टर आसमान से उतरा, गांव की गलियों और खेतों में मौजूद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
हेलीकॉप्टर से दूल्हा-दुल्हन के उतरते ही परिवारजनों ने मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया और लोग इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
दुबई में काम करता है दूल्हा
गांव इकौंदा निवासी जाहिद के पुत्र कासिम दुबई में काम करते हैं। उनका निकाह 28 दिसंबर को छत्तीसगढ़ निवासी डॉ. रुखसार के साथ हुआ था। शादी को खास और यादगार बनाने के लिए कासिम ने दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव लाने का फैसला किया। इसी उद्देश्य से उन्होंने हेलीकॉप्टर बुक कराया और प्रशासन से दो दिन की अनुमति प्राप्त की थी।
नए साल के पहले दिन दूल्हा-दुल्हन की यह हेलीकॉप्टर एंट्री इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे जिंदगी भर याद रखने वाला पल बता रहे हैं।



