छत्तीसगढ़

Heavy Rain Alert : छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर…! 4 दिन बाद कार में मिले दंपती के शव…IMD ने फिर दी बड़ी चेतावनी

सिकासार बांध से छोड़ा गया 15 हजार क्यूसेक पानी


रायपुर, 30 जुलाई। Heavy Rain Alert : छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। अलग-अलग जिलों में उफनते नदी-नालों और झरनों में बहने से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे दर्दनाक मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से सामने आया, जहां चार दिन पहले तेज बहाव में बह गए पति-पत्नी के शव उनकी कार के अंदर मिले। वहीं गरियाबंद और सक्ती जिले में भी दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

4 दिन बाद कार में मिले पति-पत्नी के शव

26 जुलाई को दंपती कार से यात्रा कर रहे थे। उफनते लात नाले को पार करने की कोशिश में उनकी कार तेज बहाव में बह गई थी। लगातार चार दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार को चिखली गांव के पास घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर कार बरामद हुई। कार के अंदर दोनों के शव मिलने से पूरे इलाके में मातम छा गया।

गरियाबंद में नाले में बहा व्यक्ति

गरियाबंद जिले के सरगी नाले को पार करते समय सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे की हालत में थे। काफी तलाश के बाद उनका शव करीब 5 किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास मिला।

दमाऊधारा झरने में बहा युवक

सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित दमाऊधारा झरने में दोस्तों के साथ घूमने आए दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर (20) मंगलवार को तेज बहाव में बह गए थे। एसडीआरएफ और प्रशासन ने करीब 24 घंटे तक रेस्क्यू चलाया, जिसके बाद बुधवार को उनका शव बरामद किया गया।

48 घंटे भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।

सिकासार बांध से छोड़ा गया 15 हजार क्यूसेक पानी

लगातार बारिश के कारण सिकासार बांध से करीब 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद पैरी नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं राजधानी रायपुर में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें। पर्यटन स्थलों, झरनों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button