Health Alert : कोरबा चौपाटी में हड़कंप…! जूस में डालने वाली बर्फ में निकला मेंढक…VIDEO वायरल होने से मचा हड़कंप

News Power Zone
2 Min Read
Health Alert
कोरबा, 04 अप्रैल। Health Alert : छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जूस में इस्तेमाल की जा रही बर्फ के अंदर मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। मामला शहर के घंटाघर चौपाटी इलाके का है, जहां एक सोडा-गन्ना जूस की दुकान में यह लापरवाही सामने आई। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम कुछ ग्राहक जूस पीने पहुंचे थे। जूस तैयार करने के बाद जब दुकानदार बर्फ तोड़ रहा था, तभी उसमें मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्राहकों में काफी नाराजगी

सूचना मिलने पर चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा मौके पर पहुंचे और बर्फ तोड़कर मेंढक को बाहर निकाला। घटना के बाद ग्राहकों में काफी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ धन्नु बर्फ डिपो से लाई गई थी। वहीं, बर्फ डिपो संचालक डी. गुप्ता ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि संबंधित बर्फ कहां से आई थी और यह उनके डिपो की है या नहीं। चौपाटी संघ ने बर्फ फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं खाद्य-औषधि विभाग के अधिकारी विकास भगत ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और शहर की सभी बर्फ फैक्ट्रियों की भी जांच की जाएगी। घटना के बाद भी संबंधित जूस की दुकान का संचालन जारी है, जिससे लोगों में और भी नाराजगी देखी जा रही है।
TAGGED:
Share This Article