ग्लैमर से संसद तक: कोयल मल्लिक को तृणमूल कांग्रेस ने दिया राज्यसभा टिकट

कोलकाता।TMC राज्यसभा उम्मीदवार पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ा चेहरा सामने आया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इस सूची में बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी के साथ चर्चित बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक का नाम भी शामिल है।

कौन हैं कोयल मल्लिक
कोलकाता में जन्मी कोयल मल्लिक बंगाली फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं। कई सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकीं कोयल को ‘टॉली क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है। दमदार अभिनय के साथ उनका ग्लैमरस अंदाज और सहज व्यक्तित्व उन्हें अलग पहचान देता है।
वह दिग्गज अभिनेता और प्रोड्यूसर रंजीत मल्लिक की बेटी हैं। उनकी मां का नाम दीपा मल्लिक है। परिवार की ओर से राजनीति में कदम रखने वाली वह पहली सदस्य होंगी।
पढ़ाई और सामाजिक काम
कोयल ने अपनी स्कूली शिक्षा मॉडर्न हाई स्कूल फॉर गर्ल्स, कोलकाता से की। इसके बाद गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से साइकोलॉजी में बीएससी (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। फिल्मों के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रही हैं, खासकर विधवाओं और बच्चों के लिए काम करती रही हैं।
निजी जिंदगी
साल 2013 में उन्होंने फिल्म प्रोड्यूसर निसपाल सिंह से शादी की। शादी से पहले दोनों लंबे समय तक रिश्ते में रहे, लेकिन अपनी निजी जिंदगी को उन्होंने हमेशा मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा।
साल 2020 में उन्होंने बेटे कबीर सिंह को जन्म दिया और 2024 में बेटी की मां बनीं।
सियासत में नई पारी
फिल्मी दुनिया में लंबा सफर तय करने के बाद अब कोयल मल्लिक राजनीति की नई पारी शुरू करने जा रही हैं। टीएमसी का यह फैसला साफ संकेत देता है कि पार्टी राज्यसभा में एक लोकप्रिय और पहचाने हुए चेहरे को भेजना चाहती है। अब देखना होगा कि पर्दे पर छाने वाली कोयल संसद में अपनी नई भूमिका कैसे निभाती हैं।




