Forest Cutting : कोरबा के कोलगा में जंगल कटाई को लेकर बवाल…! ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई के खिलाफ सौंपा ज्ञापन…

News Power Zone
2 Min Read
Forest Cutting

कोरबा, 22 दिसंबर। Forest Cutting : बनमंडल कोरबा अंतर्गत कोलगा क्षेत्र में कूप कटाई के नाम पर जंगल को साफ किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस में दर्ज शिकायत और वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जंगल की कटाई से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि कोलगा गुफा जैसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थल को भी क्षति पहुंची है। बीते दिनों इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और वन विभाग की टीम के बीच टकराव की स्थिति बनी थी। इस दौरान ग्रामीणों ने कटाई में उपयोग हो रहे औजार जब्त कर लिए थे।

इसके बाद वन विभाग द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर लगभग 50 ग्रामीणों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

मामले को लेकर कोलगा के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी बात रखी। ग्रामीणों ने कहा कि वे वन विभाग की कथित गलत कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीण चंद्रशेखर सहित अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी कोयला सर्वेक्षण को लेकर विवाद हो चुका है और वे जंगल कटाई को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

वहीं, वन विभाग का पक्ष है कि संबंधित क्षेत्र में सरकारी अनुमति के तहत केवल अनुपयोगी पेड़ों की कटाई की जा रही है और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है। फिलहाल मामला प्रशासनिक और विभागीय स्तर पर विचाराधीन है।

 

Share This Article