कोरबा, 02 मार्च। Flag March : होली और रमज़ान ईद को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिले भर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पूरे जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि त्योहार उल्लास से मनाएं, लेकिन कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं होगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर समेत सभी राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में जिला मुख्यालय से ग्रामीण इलाकों तक पुलिस बल ने मार्च किया।
शहर के प्रमुख इलाकों में सख्ती
जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान करीब 200 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। ध्वनि विस्तारक यंत्र के जरिए लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो और दीपका क्षेत्रों में भी पुलिस ने पैदल और वाहन मार्च कर गली-मोहल्लों में सुरक्षा का भरोसा दिलाया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
हुड़दंगियों को चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जबरन रंग लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शांतिपूर्वक त्योहार मनाने वाले नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार सहयोगी रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट
त्योहारों के मद्देनजर जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।