महिला टीचर ने लगाई फांसी ..सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी…

News Power Zone
2 Min Read

प्रतीकात्मक

बिलासपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पत्रकार कालोनी में रहने वाली एक महिला टीचर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजन को इसकी जानकारी हुई। टीचर ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। परिजनों की सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें शिक्षिका ने किसी की गलती नहीं होने की बात लिखी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि मृतिका शालिनी सलूजा 26 वर्ष टीचर थीं। उसकी पोस्टिंग चांटीडीह आत्मानंद स्कूल में थी। वे अपने सास-ससुर और परिवार के सदस्यों के साथ रहती थीं। उनका पति आयुष मिश्रा मुंबई में जॉब करते हैं। बताया गया कि बुधवार को शालिनी ड्यूटी पर गईं थीं। वहां से आने के बाद वह घर पर ही थीं। रात 9 बजे वह बिना खाना खाए ही अपने कमरे में चली गईं। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो परिजन ने आवाज लगाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने उनके मामा निशांत सलूजा को बुला लिया। उनके आने के बाद दरवाजे को धक्का देकर खोला गया।

अंदर शालिनी की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें थाना प्रभारी को संबोधित करते हुए घटना में किसी की गलती नहीं होने की बात लिखी है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि शालिनी और आयुष छठवीं कक्षा से एक साथ पढ़ाई कर रहे थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके कहने पर घरवालों ने 2022 में आयुष से विवाह कराया था। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजनों व ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article