Elephant Terror : कोरबा में हाथी का आतंक…! कर्मचारियों ने जान जोखिम में डालकर बचाया धान
मानव–हाथी संघर्ष फिर बना चुनौती, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा, 15 जनवरी। Elephant Terror : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक धान खरीदी केंद्र उस समय दहशत का केंद्र बन गया, जब जंगल से भटककर एक दंतेल हाथी अचानक परिसर में जा घुसा। धान की बोरियों की खुशबू से आकर्षित होकर हाथी खुलेआम केंद्र में रखे धान की ओर बढ़ने लगा। अचानक हाथी को सामने देख कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को संभालते हुए कर्मचारियों ने शोर-शराबा किया और सामूहिक प्रयास से हाथी को भगाने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि हाथी आक्रामक नहीं हुआ और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर धान बचाते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार हाथी धान खरीदी केंद्र तक पहुंच चुके हैं और धान को नुकसान पहुंचा चुके हैं। हाथियों की लगातार आवाजाही से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि कई ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों और कर्मचारियों की चिंता अब भी बनी हुई है। इलाके में बढ़ता मानव–हाथी संघर्ष एक बार फिर प्रशासन और वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।



