Gevra Mines : कोरबा में दबंगई…! साइड न देने पर चालक को पीटा…कुचलने की दी धमकी…अस्पताल में भर्ती
मामूली विवाद बना खूनी झड़प
कोरबा, 21 मार्च। Gevra Mines : जिले के गेवरा खदान में बस चालक बहोरन सिंह (53) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना दीपका थाना क्षेत्र के ई एंड एम क्वारी सेक्रान स्थित कैंटीन के पास हुई, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद बस को साइड नहीं देने की बात को लेकर शुरू हुआ था। इसी दौरान डंपर ऑपरेटरों ने बहोरन सिंह के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने न सिर्फ लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि दोबारा सामने आने पर वाहन चढ़ाकर हत्या कर देंगे और इसे हादसा बता दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, घायल चालक को गंभीर हालत में NCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मारपीट के बाद चालक पर शराब सेवन का आरोप लगाया गया, जिसकी जांच कंपनी द्वारा अल्कोहल मीटर से की गई। जांच रिपोर्ट में अल्कोहल की मात्रा शून्य पाई गई, जिससे आरोप निराधार साबित हुए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



