Traffic Rules : ओवरस्पीड और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कलेक्टर सख्त…! सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा एक्शन
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
कोरबा, 03 जून। Traffic Rules : जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट सुधार, ट्रैफिक नियमों के पालन और जनजागरूकता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
कलेक्टर ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, रोड शोल्डर सुधार, रेडियमयुक्त संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के गुरसिया घाट क्षेत्र में तीव्र मोड़ों पर क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा उपाय जल्द लगाने को कहा गया।
बैठक में बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने और नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने को कहा गया।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक, क्विज प्रतियोगिता और एनसीसी-स्काउट गाइड की मदद से ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई गई। रूमगरा से बजरंग चौक मार्ग के निर्माण में देरी पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैफिक जागरूकता अभियान की धीमी गति पर सभी जनपद सीईओ को भी नोटिस जारी करने कहा गया।




