Coal Mafia : रायगढ़ के जंगलों में कोल माफिया का काला खेल…! पोकलेन से चल रही थी खदान…50 टन कोयला जब्त
झारखंड-बंगाल के बाद छत्तीसगढ़ में भी कोल माफिया सक्रिय
रायगढ़, 05 फरवरी।Coal Mafia : झारखंड और पश्चिम बंगाल के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी कोल माफिया के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र के अंदरुनी जंगली इलाकों में पोकलेन और जेसीबी मशीनों से समानांतर कोयला खदान संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।
प्रशासन को लंबे समय से इस अवैध खनन की सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर धरमजयगढ़ के बोरो क्षेत्र में खनिज विभाग, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक पोकलेन मशीन जब्त की गई, जिसे पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। मौके से करीब 50 टन कोयला भी बरामद किया गया है।
झारखंड-बंगाल के बाद छत्तीसगढ़ में भी कोल माफिया सक्रिय
दरअसल रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार क्षेत्र का बड़ा हिस्सा अब भी अनएक्सप्लोर्ड माना जाता है। यहां भविष्य में विधिवत आवंटन के बाद कोयला खनन किया जाना है, लेकिन उससे पहले ही खनन माफिया ने अवैध तरीके से कोयला निकालना शुरू कर दिया। इन इलाकों में कोल सीम के ऊपर ओवरबर्डन यानी मिट्टी की परत काफी पतली है, जिससे चंद मीटर खुदाई करने पर ही कोयला निकल आता है। यही वजह है कि यहां पोकलेन और जेसीबी से आसानी से अवैध खनन किया जा रहा था।
खनिज निरीक्षक आशीष गढ़पाले के नेतृत्व में जब संयुक्त टीम ने जंगल के पास दबिश दी, तो नाले के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन के स्पष्ट निशान मिले। कोयले के भंडारण के सबूत भी सामने आए। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही जेसीबी मशीन को मौके से हटा लिया गया, जिससे यह आशंका गहराती है कि कार्रवाई की सूचना पहले ही लीक हो चुकी थी।
कार्रवाई से पहले मशीन गायब
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर खनन माफिया को प्रशासन की दबिश की भनक कैसे लगी? क्या इस अवैध कारोबार में किसी की अंदरूनी मिलीभगत है? हालांकि कार्रवाई पूरी तरह निष्फल नहीं रही। तलाशी के दौरान उसी क्षेत्र से एक चैन माउंटेन मशीन बरामद की गई, जिससे अवैध कोयला खनन किए जाने की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि इलाके में काफी समय से अवैध खनन चल रहा था। अब मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



